Friday, January 7, 2011

कानून से खिलवाड़ कर रही यूपी सरकार : शाही

गांव चलो अभियान के दौरान जुटा रही जनसमस्याओं को लेकर भाजपा प्रदेश सरकार को घेरेगी। बसपा विरोधी मुहिम की शुरुआत 5 फरवरी को कानपुर में होने वाली बड़ी रैली से होगी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के अलावा राजग के प्रमुख नेता भी भाग लेंगे। भाजपाई रणनीति की जानकारी देते हुए सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेशाध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि सूबे में कानूनराज नहीं सत्ताधारियों द्वारा कानून से खिलवाड़ किया जा रहा है। सपा का माफियाराज खत्म करने का नारा देकर बहुमत से मुख्यमंत्री बनी मायावती अपने विधायकों व मंत्रियों की दबंगई पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। दो माह पूर्व अपने विधायकों को क्लीनचिट देने वाली मुख्यमंत्री विपक्ष के दबाव के चलते दागी विधायकों व मंत्रियों पर कार्रवाई का दिखावा कर रही हैं। पुलिस क्या कर रही है, यह कानपुर के दिव्या कांड से साबित हुआ। उन्होंने दलित उत्पीड़न की घटनाएं सर्वाधिक होने का दावा करते हुए कहा ऐसा तब है जब अति पिछड़ों व गरीब लोगों की एफआइआर नहीं लिखी जा रही। बसपा नेता पार्टी में घुसे सपा के दागी लोगों से मिलकर उत्पात मचा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment