Saturday, February 18, 2012

मुंबई, ठाणो में शिवसेना-भाजपा ने फिर मारी बाजी

मुंबई और ठाणो महानगर पालिका चुनाव में शिवसेना- भाजपा गठबंधन ने चौथी बार चुनाव जीतकर कांग्रेस-राष्टवादी कांग्रेस गठबंधन के मनसूबे पर पानी फेर दिया है। हालांकि पिंपरी-चिंचवाड़ में राकांपा को अकेले दम पर पूर्ण बहुमत हासिल हो गया है। पुणो में राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने तमाम अनुमानों को दरकिनार करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 227 सदस्यों वाली मुंबई महानगरपालिका के चुनाव में शिवसेना-भाजपा- आरपीआई गठबंधन को 107 सीटें हासिल हुई हैं। यह बहुमत के लिए जरूरी आकड़े के करीब है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भी 28 सीटें जीतकर सभी प्रमुख राजनितिक दलों के सामने चुनौती पेश कर दी है। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरदपवार, उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया था। मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी भाषण में यहां तक कह दिया कि चुनाव में शिवसेना का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। लेकिन चुनाव परिणाम ने मुख्यमंत्री के अस्तित्व को ही खतरे में डाल दिया है। ठाणो और मुंबई मनपा में मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने समर्थन देने के मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। महानगरपालिका में सत्ता हासिल करने के लिए 117 नगर सेवकों की आवश्यकता है। अब आकड़ों को पूरा करने का खेल शुरू होगा। शिवसेना -भाजपा के कई बागी उम्मीदवार भी चुनाव जीते हैं माफिया डॉन अरुण गवली की पार्टी ने भी दो सीटों पर भी जीत हासिल की है। माना जा रहा है कि शिवसेना को बहुमत हासिल करने में मुश्किल नही आएगी। ठाणो महानगर पालिका में भी शिवसेना गठबंधन के सत्ता हासिल कर लेने की संभावना है। दोनों महानगर पालिकाओं में शिवसेना भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। दोनों जगहों पर शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे का करिश्मा काम आया। लगातार चौथी बार सत्ता हासिल करने के बाद जीत से उत्साहित शिवसेना के कार्याध्यक्ष उद्वव ठाकरे ने सेना भवन में मुंबई वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधूरे कामों को पूरा करेंगे और मुंबईकरों को मुलभूत सुविधाएं मुहैया कराने में पीछे नहीं हटेंगे। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि मुंबई में अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नही आया है। चूक कहां हुई है उसे खोजकर दूर किया जाएगा और आने वाले चुनाव के लिए तैयारी शुरू की जाएगी। पुणो, नासिक के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनसे आने वाले दिनो में पूरे महाराष्ट्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। मुंबई में हार के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का बचाव करते हुए कहा है कि हार जीत होती रहती है, बीएमसी चुनाव स्थानीय मुद्दे को लेकर लड़ा जाता है। इसलिए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी नहीं है। जीत की खुशी में भारतीय जनता पार्टी के मुंबई अध्यक्ष राज पुरोहित ने कहा कि मुंबई की जनता ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस को जगह दिखा दी है। मुख्यमंत्री को हार की जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। उधर, पिंपरी-चिंचवाड़ में राकांपा को पूर्ण बहुमत हासिल हो गया है और अब तक घोषित 124 सीटों में से 73 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 16, शिवसेना को 14 और मनसे को चार सीटें मिली हैं। जबकि152 सदस्यीय पुणो नगर निगम में राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस और राकांपा अलग-अलग चुनाव लड़ी थी। राकांपा को अब तक घोषित 104 सीटों में से 36 सीटें मिली हैं जबकि कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं। राज ठाकरे की मनसे ने आश्चर्यजनक प्रदर्शन करते हुए 21 सीटें जीती हैं जबकि भाजपा को 17 और शिवसेना को 18 सीटें मिली हैं। पुणो नगर निगम के लिए 2007 में हुए चुनावों में कांग्रेस और राकांपा गठबंधन की जीत हुई थी। नासिक नगर निगम से भाजपा शिवसेना का नियंतण्रहटना पक्का लग रहा है और अब तक घोषित 94 सीटों में से 33 सीटों पर राज ठाकरे की मनसे को कामयाबी मिली है वहीं 122 सदस्यीय सदन में शिवसेना को 12, भाजपा को नौ, राकांपा को 20 तथा कांग्रेस को 14 सीटें मिली हैं। शोलापुर नगर निगम में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को एक बार फिर कामयाबी मिली है और उसे 102 सदस्यीय सदन में 60 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 44 तथा राकांपा को 16 सीटें मिली हैं। भाजपा को 26 तथा शिवसेना को आठ सीटें मिली हैं। नागपुर में 145 सदस्यीय स्थानीय निकाय के लिए हुए चुनावों में अब तक भाजपा को 37 और शिवसेना को चार सीटें मिली हैं। अभी तक 80 सीटों की घोषणा की गई है और कांग्रेस को 21 तथा राकांपा को सिर्फ दो सीटें मिली हैं। अमरावती में सत्तारूढ़ कांग्रेस और राकांपा गठबंधन का फिर से सत्ता में आना तय दिख रहा है। 87 सदस्यीय सदन में उसे 42 सीटें मिली हैं। वहीं अकोला में दोनों गठबंधन बहुमत पाने में नाकाम रहे।

No comments:

Post a Comment