Monday, July 11, 2011

कांग्रेस का किसान प्रेम महज धोखा : विपक्ष


कांग्रेस के किसान प्रेम को धोखा बताते हुए विपक्षी दलों ने अलीगढ़ महापंचायत को फ्लाप करार दिया। आरोप लगाया कि विस चुनाव नजदीक आते ही राहुल गांधी किसानों के नाम पर केवल घडि़याली आसूं बहा रहे है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से लगातार छल रही कांग्रेस का भरोसा करने को किसान कतई तैयार नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्रियों के गांव गांव घूमने के बाद भी अलीगढ़ पंचायत में किसानों की नहीं केवल कांग्रेसी भीड़ ही जुट पाई। समाजवादी पार्टी ने अलीगढ़ की किसान पंचायत को कांग्रेस फरेब बताया। प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकारें किसान विरोधी है। केवल नाम भर को पंचायतें करने से किसानों का भला होने वाला नहीं है। अपना दल प्रवक्ता आरबी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि किसानों की दुर्दशा के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। सेज लागू करने वाली कांग्रेस से किसानों का भला होने की उम्मीद नहीं की जा सकती। पटेल ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को दोषपूर्ण करार देते हुए कहा कि सूबे में किसानों की आत्महत्या का सिलसिला बंद न होना सच्चाई को जाहिर करता है।


दैनिक जागरण (राष्ट्रीय संस्करण), 10 जुलाई, 2011

No comments:

Post a Comment