Friday, October 5, 2012

राजनीतिक दलों में योग्य लोगों की दरकार




ठ्ठजागरण संवाददाता, मुंबई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी मानते हैं कि आजकल राजनीतिक दलों में अच्छे लोगों की कमी है। इसीलिए देश में विकास की नीतियां सही तरीके से लागू नहीं हो पा रही हैं। गडकरी गुरुवार को सुधींद्र कुलकर्णी की पुस्तक म्यूजिक ऑफ स्पिनिंग व्हील : महात्मा गांधी मेनीफेस्टो फॉर द इंटरनेट एज के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। गडकरी ने कहा कि हमारा देश संपन्न है, लेकिन यहां के लोग गरीब हैं। हमारे पास साधन-संपदा सबकुछ है। हमें सही आर्थिक नीतियों, एवं उन्हें तेजी से लागू करने वाले दूरदृष्टा नेताओं की जरूरत है। लेकिन हमारी समस्या यह है कि हमारी राजनीतिक पार्टियों में योग्य व्यक्तियों की भारी कमी है। जो मेरिट में पास होता है वह आइएएस अधिकारी बन जाता है। जो फ‌र्स्ट क्लास पास होता है वह चीफ इंजीनियर बनता है और जो तीन बार फेल होता है, वह मंत्री बन जाता है। गडकरी के अनुसार में राजनीति में अच्छे लोगों को जोड़कर ही विकास की गति को तेज किया जा सकता है। लेकिन यह कहने के बाद गडकरी को तब नहले पर दहले का सामना करना पड़ा, जब समारोह में मौजूद प्रमुख वक्ता न्यायमूर्ति चंद्रशेखर धर्माधिकारी ने कहा कि आज सभी राजनीतिक दलों ने आम लोगों को नजरंदाज करने का काम ही किया है। क्योंकि राजनीतिक दलों में अब लीडर नहीं, डीलर रह गए हैं। धर्माधिकारी ने आगे कहा कि जिन संतों, साहित्यकारों और विचारकों ने भारत की संस्कृति का निर्माण किया है वह किसी पद पर नहीं थे। इसलिए हमें जान लेना चाहिए कि अमीर, सत्ताधारी और सत्ताकांक्षी लोग समाज बनाते नहीं, बल्कि समाज बिगाड़ते हैं। इस समारोह में उद्योगपति मुकेश अंबानी, टाटा समूह के कार्यकारी निदेशक आर गोपालकृष्णन एवं काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड सोशल रिसर्च के पूर्व महानिदेशक डॉ. आरए माशेलकर भी मौजूद थे।
Dainik Jagran National Edition 5-10-2012  राजनीतिक Pej -6

No comments:

Post a Comment