Showing posts with label पेज 1. Show all posts
Showing posts with label पेज 1. Show all posts

Friday, September 14, 2012

समय पर ही होंगे लोस चुनाव : कांग्रेस





नई दिल्ली (एजेंसी)। कांग्रेस ने इन अटकलों को गलत बताया कि लोकसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता राशिद अल्वी ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं के सवालों पर कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार अपना दूसरा कार्यकाल पूरा करेगी और लोकसभा चुनाव निर्धारित समय पर ही होंगे। उनसे समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के इस बयान पर प्रतिक्रिया पूछी गई थी कि लोकसभा चुनाव 2014 से पहले हो सकते हैं। प्रवक्ता ने कहा कि श्री यादव की अपनी सोच है। इस सवाल पर कि क्या श्री यादव अगले चुनाव में प्रधानमंत्री बनने की संभावना तालाश रहे हैं, अल्वी ने कहा कि देश मे हर नागरिक को ऐसा सपना देखने और उसके लिए कोशिश करने का हक है। प्रधानमंत्री बेदाग हैं : कोयला आवंटन मुद्दे पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कैग कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सरकार को हुए नुकसान को महज अनुमान के आधार पर तय करने में सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बेदाग हैं और कैग रिपोर्ट के आधार पर कोई उन पर उंगली नहीं उठा सकता। अल्वी ने कोयला मुद्दे पर प्रधानमंत्री पर किसी प्रकार की जिम्मेदारी से इनकार करते हुए कहा कि प्रक्रि यागत और समझौते के उल्लंघन के लिए चार कोयला ब्लाकों के आवंटन को रद्द करने की कार्रवाई शुरू की गई है। अल्वी ने कहा कि कैग को अपने क्षेत्राधिकार में सीमित रहना चाहिए। वह इतना सक्षम नहीं है कि महज अनुमान के आधार पर सरकार के राजस्व को हुए नुकसान को तय कर सके। कैग का काम केंद्र और राज्य सरकार के खातों का आडिट करना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर निजी कंपनियां, जिन्हें कोयला ब्लाक मिला है, शतरें का उल्लंघन करती है तो मंत्रालय और मंत्री को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। अगर कोई उल्लंघन हुआ है तो सीबीआई इसे देख रही है और इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

चुनाव बाद ही बनेगा तीसरा मोर्चा : मुलायम



जागरण न्यूज नेटवर्क, कोलकाता : समाजवादी पार्टी ने साफ कर दिया कि देश में तीसरे मोर्चे का गठन सन 2014 के लोकसभा चुनाव के नतीजे देखने के बाद किया जाएगा, तब तक समान विचारधारा वाली पार्टियों से मेलमिलाप का दौर चलता रहेगा। कोलकाता में दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद गुरुवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने समय पूर्व लोकसभा चुनाव की संभावना को कमजोर करते हुए कहा कि उनकी पार्टी इसके लिए जिम्मेदार नहीं बनेगी। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को लेकर पार्टी की ओर से बुधवार को आए तल्ख बयान के बाद मुलायम ने भरपाई की कोशिश में कहा, राहुल के लिए हमारी तरफ से शुभकामनाएं हैं। भावी रणनीति को स्पष्ट करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश सहित कई प्रदेशों में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश में केवल अमेठी और रायबरेली में प्रत्याशी नहीं खड़ा किया जाएगा, क्योंकि कांग्रेस ने कन्नौज में अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। प्रधानमंत्री पद के सवाल पर मुलायम ने कहा, वह उम्मीदवार नहीं हैं लेकिन अगर मौका मिलेगा तो वह जिम्मेदारी लेने से परहेज भी नहीं करेंगे। उत्तर प्रदेश की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। बेरोजगारी भत्ता शुरू होने पर युवाओं में उत्साह बढ़ा है। चुनाव घोषणा पत्र में किए गए सभी वादे प्रमुखता के साथ पूरे किए जाएंगे ताकि लोकसभा चुनाव में पार्टी को अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल हो सके। ममता बनर्जी के साथ संबंधों के सवाल पर मुलायम ने कहा कि सुश्री बनर्जी के साथ उनके संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं। वह उनकी छोटी बहन की तरह हैं और जिस तरह वह काम कर रही हैं उसका वह सम्मान करते हैं। राष्ट्रपति चुनाव के समय संबंधों में खटास पैदा होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह अध्याय खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राइटर्स बिल्डिंग जाकर ममता से मुलाकात की। उन्होंने जिस तरह अखिलेश का स्वागत किया, उसके लिए वह ममता बनर्जी को धन्यवाद देते हैं।

Monday, September 10, 2012

पीएम पद के लिए सुषमा हैं ठाकरे की पसंद



मुंबई, प्रेट्र : शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे ने भाजपा नेता सुषमा स्वराज को प्रधानमंत्री पद के लिए सही और पार्टी में इकलौता प्रत्याशी बताया है। ठाकरे के बयान पर भाजपा ने बहुत ही सधे हुए अंदाज में कहा कि पीएम पद के लिए पार्टी में कई सक्षम नेता मौजूद हैं। शिवसेना प्रमुख के बयान पर कांग्रेस ने कहा कि राजग में अंडे फूटने से पहले मुर्गो की गिनती करने की आदत है। शिवेसना के मुखपत्र सामना में दिए लंबे साक्षात्कार के तीसरे हिस्से में बाल ठाकरे ने कहा कि इस समय भाजपा में केवल सुषमा स्वराज ही बुद्धिमान और प्रतिभाशाली नेता हैं। उन्होंने कहा, मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि वह इस पद पर रहते हुए शानदार काम करेंगी। भाजपा नेता बलबीर पुंज ने कहा कि पार्टी में प्रधानमंत्री बनने लायक कई सक्षम नेता हैं। इसलिए अलग-अलग लोगों को पार्टी में पीएम बनने लायक अलग-अलग नेता नजर आता है। पार्टी बाला साहेब के सुझाव का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपना वजूद बनाए रखने के लिए किसी एक परिवार के भरोसे रहने की जरूरत नहीं है। भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भाजपा में कई अच्छे नेता हैं। समय आने पर भाजपा और राजग सहयोगी मिलकर इस मामले में फैसला लेंगे। साक्षात्कार में ठाकरे ने लालकृष्ण आडवाणी के इस बार गैर-राजग और गैर-संप्रग सरकार बनने के बयान पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता आडवाणी ने ऐसा क्यों कहा। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि राजग लोगों के फैसले का इंतजार किए बिना प्रधानमंत्री का अभिषेक करने की बीमारी से पीडि़त है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग बिना अंडे फूटे मुर्गो की गिनती नहीं कर सकता। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2007 के दौरान राजग में केवल एक प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी थे। इनकी संख्या वर्ष 2012 शुरू होते ही बढ़ती जा रही है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि सुषमा स्वराज को महाराष्ट्र में यूपी और बिहार के लोगों पर शिवसेना व मनसे के हमलों पर अपनी पार्टी का रुख साफ करना चाहिए।