Showing posts with label 6 अगस्त 2011. Show all posts
Showing posts with label 6 अगस्त 2011. Show all posts

Sunday, August 7, 2011

विदेश जाने से पहले कई नेताओं को इधर-उधर कर गई सोनिया


: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बीमारी और उनके इलाज के लिए अमेरिका जाने के बावजूद कांग्रेस का कामकाज दुरुस्त चल रहा है। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं व देश को यह संदेश देने के लिए संगठन स्तर पर कई समितियों का एलान किया है। बताया जाता है कि विदेश रवानगी से पहले सोनिया संगठन व सरकार के बीच समन्वय के लिए शोध व समन्वय समिति पर मुहर लगा गईं। सुरेश पचौरी की अगुआई वाली समिति में संगठन व सरकार के बड़े पदाधिकारी और मंत्रियों को शामिल किया गया है। वह (सोनिया) खाली बैठे वरिष्ठ व मझोले नेताओं के पुनर्वास को भी मंजूरी दे गई हैं। पार्टी ने सोनिया की बीमारी का राज तो सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन 4 अगस्त को उनके सफल आपरेशन की घोषणा के साथ ही मीडिया से उनके स्वास्थ्य को लेकर निजता की भावनात्मक अपील की है। सोनिया अभी आइसीयू में हैं। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने शुक्रवार को नई कमेटियों के गठन और पुराने प्रकोष्ठों के पुनर्गठन की घोषणा कर दी है। इनमें सबसे अहम सुरेश पचौरी की अध्यक्षता में बड़े नामों वाली एक शोध एवं समन्वय कमेटी का गठन है। अरसे से कांग्रेस में शीर्ष स्तर पर पार्टी और सरकार के बीच समन्वय की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी क्रम में समिति गठित कर पचौरी को इसका चेयरमैन बनाया गया है और इसमें कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी, दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, जयराम रमेश, पवन बंसल, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक के साथ रेणुका चौधरी, संदीप दीक्षित और मनीष तिवारी भी हैं। इस समिति का उप समूह भी बनाया गया है, जिसके संयोजक पचौरी ही हैं और उसमें पवन बंसल, जयराम रमेश और संदीप दीक्षित हैं। मीडिया विभाग की कमान जनार्दन द्विवेदी को चेयरमैन बनाकर रखी गई है। मनीष तिवारी और अभिषेक मनु सिंघवी के साथ-साथ रेणुका चौधरी और राशिद अल्वी को प्रवक्ता बनाया गया है। इसके अलावा कांग्रेस संदेश के संपादक अनिल शास्त्री को विवादास्पद संपादकीय की कीमत चुकानी पड़ी है। संपादकीय में शास्त्री ने रामदेव की अगवानी के लिए तीन मंत्रियों के जाने की आलोचना की थी। शास्त्री को हिंदी विभाग का अध्यक्ष और उनके सहयोगी पंकज शर्मा को सचिव बनाया गया है। कांग्रेस संदेश का संपादक पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास को बनाया गया है। संदेश के संपादकीय बोर्ड में सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी रखे गए हैं। इसी तरह व्यास को विचार विभाग गठित कर उसका अध्यक्ष भी बनाया गया है।