Showing posts with label 2 अगस्त 2011. Show all posts
Showing posts with label 2 अगस्त 2011. Show all posts

Tuesday, August 2, 2011

मोदी के प्रशंसक राज ठाकरे करेंगे गुजरात दौरा


अहमदाबाद गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के कट्टर समर्थक व महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे बुधवार से गुजरात की आठ दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं। मोदी ने राज को गुजरात के राज्य अतिथि का दर्जा दिया है। राज की इस यात्रा को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज है। मोदी के विकास मॉडल की तारीफ कर चुके राज अब खुद यहां आकर विकास की बारीकियों को समझना चाहते हैं। अपने इस दौरे में राज अहमदाबाद, गांधीनगर के अलावा सूरत, वड़ोदरा, राजकोट आदि शहरों का दौरा करेंगे। वह विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर और द्वारका के अलावा धौलावीरा व लोथल जैसे प्राचीन पुरातात्विक स्थलों पर भी जाएंगे। मुंबई में उत्तर भारतीयों के खिलाफ आग उगलने वाले राज अपने गुजरात दौरे की शुरुआत 3 अगस्त को अहिंसा के पुजारी गांधीजी के साबरमती आश्रम से करने वाले हैं। मई, 2009 में मुंबई में एक जनसभा में मोदी को देश के प्रधानमंत्री पद के योग्य बताने वाले राज की इस गुजरात यात्रा को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। मोदी और राज के बीच बढ़ती करीबी को भाजपा के लिए महाराष्ट्र में एक और साथी तैयार रखने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। हाल ही में राज ने मुंबई में महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय पहुंचकर सबको हैरान कर दिया था। शिवसेना ने तो इस पर सहयोगी भाजपा के प्रति अपना रुख सख्त कर लिया था।