Showing posts with label 15-08-2011. Show all posts
Showing posts with label 15-08-2011. Show all posts

Tuesday, August 16, 2011

शिव सेना के विज्ञापन में राहुल लापता


शिव सेना के मुख पत्र सामना में रविवार को लापता व्यक्तियों के विज्ञापन में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर कटाक्ष किया गया है। विज्ञापन में लिखा गया है कि राहुल महाराष्ट्र से लापता हैं, जबकि यहां किसानों को उनकी वाकई में जरूरत है। विज्ञापन में राहुल के पहनावे का जिक्र किया गया है। उनके कपड़े और उनके ठहरने के स्थान के साथ उनका चित्र प्रकाशित किया गया है। विज्ञापन में कहा गया है, महाराष्ट्र के बेचारे किसानों को उपरोक्त विवरण वाले व्यक्ति की बेसब्री से तलाश है। विज्ञापन में पुणे जिले के मावल गांव में 9 अगस्त को हुई गोलीबारी के समय राहुल की अनुपस्थिति पर सवाल खड़े किए गए हैं। गोलीबारी में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई थी। राहुल के बारे में विज्ञापन में आगे कहा गया है कि उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के भट्टा पारसौल गांव में किसानों के समर्थन में धरना दिया था। विज्ञापन में कहा गया है, उन्होंने उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ महापंचायत आयोजित कर उनकी खिंचाई की थी। महाराष्ट्र के उत्पीडि़त और न्याय से वंचित किसान इस मसीहा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विज्ञापन में आगे कहा गया है, जब जैतापुर में किसानों पर गोली चलाई गई थी, उस समय भी यह गांधी महाराष्ट्र नहीं आए थे। अब जब कांग्रेस सरकार ने पुणे के मावल में पवन पाइपलाइन का विरोध कर रहे किसानों पर फिर गोलीबारी की है तब भी वह (राहुल) लापता हैं। राहुल से कहा गया है, भागने के लिए आपको कोई नहीं डांटेगा। यह विज्ञापन जैतापुर संघर्ष समिति और पवना-मावल खोरे बचाव समिति की ओर से जारी किया गया है।