Showing posts with label 11 पेज -2 राजनीति. Show all posts
Showing posts with label 11 पेज -2 राजनीति. Show all posts

Monday, November 7, 2011

सरकार नहीं चला पा रही कांग्रेस तो दूसरे दलों को दे मौका

लुधियाना भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार को अब तक की सबसे गैर जिम्मेदार और असंवेदनशील सरकार बताते हुए यहां तक कह डाला कि कांग्रेस अगर सरकार नहीं चला पा रही है तो उसे दूसरे दलों के लिए रास्ता प्रशस्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने महंगाई व भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चुप्पी साधे बैठी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विदेश में पडे़ काले धन का राज खोलती है तो भाजपा इसका खुलासा करेगी। रविवार पत्रकार को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि आज लोग महंगाई व भ्रष्टाचार से परेशान हैं, मगर बेशर्म सरकार को जनता की आवाज नहीं सुनाई दे रही। यदि कांग्रेस सरकार नहीं चला पा रही है तो दूसरे दल को सरकार में आने का मार्ग प्रशस्त करें। गडकरी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से आम आदमी परेशान हो गया है। पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। सरकार डीजल में इथेनाल व बायोडीजल के उपयोग से तेल की बढ़ती कीमतों पर काबू पा सकती है। यूपीए के सहयोगी दल पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने की निंदा कर रहे हैं, लेकिन ये सब दिखावा है। यदि सहयोगी दलों को लोगों की चिंता है, तो कीमतें नहीं घटाने पर सरकार का साथ छोड़ दे। विदेश में पडे़ काले धन को वापस लाने के बारे में उन्होंने कहा कि कांग्रेस विदेश में पड़े काला धन लाने का नाम नहीं ले रही। काला धन रखने वाले 700 लोगों का नाम कांग्रेस सार्वजनिक करे, अन्यथा भाजपा उन नामों को सार्वजनिक कर देगी। लाल कृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी का नाम अगले प्रधानमंत्री के लिए आने के सवाल पर कहा कि जब समय आएगा पार्टी सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री का नाम तय कर लेगी।