कभी बसपा सुप्रीमो के बेहद करीबी रहे और एनआरएचएम घोटाले के घेरे में आने के बाद मंत्रिपद और पार्टी से निकाले गए उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने रविवार को प्रदेश के सभी घोटालों का सारा ठीकरा मुख्यमंत्री मायावती पर ही फोड़ दिया। उन्होंने यहां एक जनसभा में कहा कि यूपी में जो भी घोटाले हुए वे सब मायावती के इशारे पर हुए हैं। कुशवाहा के अनुसार उन्हें तो केवल ढाल की तरह उपयोग किया गया। जब फंसने लगीं तो उन पर कार्रवाई कर दी। उन पर जो आरोप लग रहे हैं वे निराधार हैं। सीबीआइ जांच में दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। प्रशासन से सभा की अनुमति न मिलने पर कुशवाहा लोगों से घूम घूमकर मिले। बाद में पत्रकारों से कहा, मेरे सीने में बसपा शासनकाल के बहुत से राज छिपे हैं, जिन्हें समय आने पर उजागर करूंगा। बसपा को पिछड़ी जातियों की विरोधी बताते हुए कुशवाहा ने कहा कि केंद्र से साठगांठ करके पिछड़ों के 27 फीसदी आरक्षण में कटौती कराकर मुस्लिमों को दे दिया गया। भाजपा में शामिल होने पर बोले, मैंने भाजपा से खुद को अलग कर सवालों का जवाब दे दिया है।
Showing posts with label पेज न.१. Show all posts
Showing posts with label पेज न.१. Show all posts
Tuesday, February 14, 2012
Friday, October 21, 2011
कांग्रेस को नहीं भाई किरण बेदी की सफाई
अन्ना हजारे की टीम की प्रमुख सहयोगी किरण बेदी विवाद में घिर गई हैं। आरोप है कि बेदी आयोजनों में भाग लेने के लिए आयोजकों से पूरा हवाई किराया वसूल रही थीं। अपनी सफाई में बेदी ने कहा है कि यह बचत उन्होंने समाज कार्य के लिए की है, निजी फायदे के लिए नहीं। कांग्रेस ने मामले को गंभीर बताते हुए बेदी को ईमानदारी से जवाब देने को कहा है। बेदी को शौर्य पदक हासिल होने की वजह से एयर इंडिया की टिकट में 75 फीसदी तक की छूट हासिल है। खबरों में कहा गया है कि वे अपनी यात्राओं के दौरान इसका फायदा भी ले रही हैं, लेकिन विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजकों से वे इन यात्राओं में भाग लेने के लिए अपनी हवाई यात्रा का पूरा किराया ले रही थीं। हालांकि यह पूरी रकम उनके गैर सरकारी संगठन इंडिया विजन फाउंडेशन के खाते में जाती थी। कुछ मामलों में तो उन्होंने सस्ते इकोनॉमी क्लास में सफर कर बिजनेस क्लास की रकम भी हासिल की है। इस पर बेदी का कहना है कि उन्होंने यह बचत सामाजिक काम के लिए की है। इसमें उनका अपना कोई लाभ नहीं हुआ है। अगर वे वाकई अपना फायदा सोचतीं तो महंगे दर्जे में सफर कर सकती थीं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि इस बारे में वे आयोजकों को पहले ही बता दिया करती थीं। बेदी का कहना है कि कुछ लोग जान-बूझ कर ऐसे मामले खड़ा कर रहे हैं। लेकिन इसका फायदा उन्हें नहीं मिलने वाला। उधर, कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि बेदी पर लगे यह आरोप बहुत गंभीर हैं और उन्हें इनका पूरी ईमानदारी से जवाब देना चाहिए। कांग्रेस के प्रवक्ता राशिद अल्वी ने भी कहा कि बेदी को भ्रष्टाचार पर आंदोलन करने से पहले खुद को ईमानदार साबित करना चाहिए। अल्वी ने लगे हाथ पूरी टीम अन्ना पर भी सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि एक सदस्य का कहना है कश्मीर पर जनमत संग्रह करवा लिया जाए। दूसरा अन्ना को संसद के ऊपर बता रहा है। तीसरा अपने मेजबानों से ज्यादा किराया वसूल रहा है। इस सबसे टीम अन्ना का असली रंग सामने आ गया है। कानून मंत्री सलमान खुर्शीद का कहना था कि जिस तरह टीम अन्ना के लोग हमारे बारे में कोई भी बात कह देते हैं वैसा हम उनके बारे में नहीं कह सकते। इस बारे में किरण बेदी ही संतोषजनक सफाई दे सकती हैं। स्वामी अग्निवेश ने बेदी के तर्को को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवानी चाहिए या सीबीआइ से अपने संस्था की जांच करने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शौर्य सम्मान का दुरुपयोग गंभीर मामला है।
Subscribe to:
Posts (Atom)