Showing posts with label दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण ५-८-२०११. Show all posts
Showing posts with label दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण ५-८-२०११. Show all posts

Saturday, August 6, 2011

राहुल को कमान सौंप सर्जरी कराने अमेरिका गई सोनिया गांधी


नई दिल्ली डाक्टरों की सलाह पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को संसद सत्र शुरू होने से ठीक पहले सर्जरी के लिए अमेरिका रवाना होना पड़ा। वहां उनका आपरेशन सफल रहा, लेकिन पार्टी ने उनकी बीमारी, जाने के समय और अस्पताल का नाम सार्वजनिक नहीं किया। माना जा रहा है कि शुक्रवार को पारिवारिक सदस्य या डॉक्टर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दे सकते हैं। सोनिया ने सर्जरी के लिए रवाना होने से पूर्व पार्टी के कामकाज के लिए एक चार सदस्यीय समिति गठित की और उसकी कमान राहुल गांधी को सौंपी। यह राहुल की बढ़ती हैसियत का स्पष्ट संकेत है। इस समिति के तीन अन्य सदस्यों में पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी, सोनिया के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल और एक मात्र केंद्रीय मंत्री रक्षामंत्री एके एटंनी हैं। सोनिया गांधी को स्वास्थ्य लाभ के लिए करीब तीन हफ्ते विदेश प्रवास पर रहना होगा। प्रियंका, राहुल और सोनिया की मां और बहन भी उनके साथ ही हैं। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका में सोनिया को ऐसे किसी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है जो इलाज के साथ-साथ विशेष सुरक्षा इंतजामों से भी लैस है। हर महत्वपूर्ण मसले पर गठित होने वाली समिति और जीओएम में शामिल और सरकार के संकटमोचक कहे जाने वाले प्रणब मुखर्जी को चार सदस्यीय समिति में जगह न मिलने पर उठ रहे सवालों को शीर्ष स्तर से तुरंत ही खारिज कर दिया गया। एक शीर्ष नेता ने कहा, फिलहाल संसद चल रही है और वहां का संचालन ज्यादा महत्वपूर्ण है, न कि संगठन का। प्रणब दा लोकसभा में न सिर्फ नेता सदन हैं, बल्कि सदन के मुख्य रणनीतिकार और सबसे वरिष्ठ नेता भी इसीलिए वह इस समिति में नहीं हैं। कांग्रेस की कोर कमेटी में अब तक नहीं शामिल हुए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को सोनिया गांधी की अनुपस्थिति में संचालन समिति का नेतृत्व सौंपने के राजनीतिक निहितार्थो से पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों ने इंकार नहीं किया। उन्होंने कहा, राहुल पार्टी के महासचिव हैं और प्रमुख फैसलों में उनकी पूरी भागीदारी रहती है, ऐसे में उनका इसका अध्यक्ष होने पर कैसा संशय? सोनिया गांधी की बीमारी और उनके जाने के स्थान पर जनार्दन द्विवेदी की की तरफ से जारी बयान में सिर्फ यह कहा गया है कि डाक्टर की सलाह के बाद सोनिया गांधी विदेश में चिकित्सा के लिए गई हैं। वह संभवत: दो से तीन सप्ताह बाहर रहेंगी।