Showing posts with label दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण पेज -6. Show all posts
Showing posts with label दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण पेज -6. Show all posts

Tuesday, September 18, 2012

राहुल तो इटली में भी लड़ सकते हैं चुनाव



राजकोट, एजेंसी : अपना 62वां जन्मदिन मना रहे गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर तीखा कटाक्ष किया है। सोमवार को मोदी ने कहा कि राहुल तो अंतरराष्ट्रीय नेता हैं और वह इटली में भी चुनाव लड़ सकते हैं। राहुल के बहाने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा एक बार फिर से उठाते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें गुजरात का क्षेत्रीय नेता होने पर गर्व है। राजकोट में स्वामी विवेकानंद यात्रा के दौरान युवाओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस के एक नेता ने मुझे क्षेत्रीय और राहुल गांधी को राष्ट्रीय नेता बताया था। मैं तो गुजरात का नेता होकर खुश हूं। लेकिन मैं राहुल गांधी को राष्ट्रीय नेता के तौर पर कबूल नहंी कर सकता। वह अंतरराष्ट्रीय नेता हैं। वह भारत और इटली दोनों देशों में चुनाव लड़ सकते हैं। दरअसल गुजरात में मोदी और राहुल का सीधा मुकाबला होने के कयासों पर पिछले दिनों कांग्रेस नेता राशिद अल्वी और एक दिन पहले दिग्विजय सिंह ने दोनों नेताओं के बीच तुलना को खारिज कर दिया था। उन्होंने राहुल को राष्ट्रीय और मोदी को क्षेत्रीय नेता बताया था। मोदी ने मनमोहन सिंह सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2004 में कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की थी। जबकि एक रिपोर्ट के मुताबिक 72 फीसद हिस्सेदारी के साथ गुजरात की रोजगार देने में अग्रणी भूमिका है। उन्होंने सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह से सवाल किया कि वे कब लोगों के साथ विश्वासघात करना छोड़ेंगे। इस सम्मेलन में ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा, रवींद्र जडेजा, जयदेव शाह और बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष निरंजन शाह आदि मौजूद थे। नीतीश ने दी बधाई, केक न मिलने का मलाल पटना : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बधाई दी। साथ ही कहा कि उन्हें इस बात का मलाल है कि पटना में मोदी के जन्मदिन पर कटे केक का एक टुकड़ा भी उन्हें नहीं दिया गया। भाजपा की बिहार इकाई ने सोमवार को पटना में मोदी का जन्मदिन मनाया। राज्य के पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने इस अवसर पर 62 किलोग्राम का केक भी काटा। नीतीश से जब पूछा गया कि आपके मंत्री मोदी के जन्मदिन पर केक काट रहे हैं तो उन्हेंने जवाब दिया, इसमें गलत क्या है। मैं भी इस अवसर पर मोदी को बधाई देता हूं और उनकी लंबी आयु की कामना करता हूं। इसके साथ ही चुटकी लेते हुए कहा कि, मुझे इस बात का मलाल है कि गिरिराज ने मुझे केक का एक टुकड़ा भी खाने को नहीं दिया। मालूम हो कि भाजपा नेता गिरिराज सार्वजनिक रूप से नरेंद्र मोदी को अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी बनाने का समर्थन कर चुके हैं। जबकि, राजग गठबंधन का प्रमुख घटक जदयू मोदी के विरोध में है।